शिक्षण अधिगम कार्य/अर्धवार्षिक परीक्षा VS एस आई आर ड्यूटी:-एचपीटीए जिला प्रधान कृष्ण कुमार नंगली

 हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन महेंद्रगढ़: जिला प्रधान कृष्ण कुमार नंगली


हरियाणा के सरकारी स्कूलों में एक तरफ जहाँ सरकार और शिक्षा विभाग ‘निपुण हरियाणा’ और ‘नई शिक्षा नीति (NEP)’ के तहत शिक्षण अधिगम कार्य में 100% बेहतरीन परफॉर्मेंस की उम्मीद कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ धरातल की हकीकत बेहद चिंताजनक है। पिछले दो महीनों से प्राथमिक शिक्षकों (JBT/PRT) की ड्यूटी लगातार गैर-शैक्षणिक कार्यों (जैसे परिवार पहचान पत्र वेरिफिकेशन और सर्वे) में लगाए जाने के कारण बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है।अब इस प्रशासनिक कार्य की अवधि को बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 तक कर दिया गया है, जबकि दूसरी ओर विभाग 21 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच अर्धवार्षिक परीक्षाओं का आयोजन करने जा रहा है। ऐसे में बिना पढ़ाई के परीक्षाओं का भविष्य पूरी तरह अंधकारमय नज़र आ रहा है। यह विकट समस्या किसी एक या दो स्कूलों की नहीं, बल्कि पूरे जिले की है, क्योंकि महेंद्रगढ़ के लगभग हर सरकारी प्राथमिक विद्यालय से कम से कम एक शिक्षक (बीएलओ) इस गैर-शैक्षणिक कार्य के चक्रव्यूह में फँसा हुआ है।फॉर्मेलिटी और दिखावटी निर्णयों पर भड़के शिक्षक जब परीक्षाओं में मात्र 14 दिन का समय शेष बचा है, तब शिक्षा विभाग ने केवल एक औपचारिकता (फॉर्मेलिटी) पूरी करने के लिए रेशनलाइजेशन का डाटा इकट्ठा करके डेपुटेशन (अस्थाई प्रतिनियुक्ति) करने का एक अव्यावहारिक और दिखावटी निर्णय लिया है।

 इस लचर नीति पर कड़ा प्रहार करते हुए हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन जिला महेंद्रगढ़ के प्रधान कृष्ण कुमार नंगली ने कहा कि यदि विभाग को वास्तव में बच्चों की पढ़ाई की रत्ती भर भी चिंता थी, तो डेपुटेशन का यह कार्य उसी दिन से शुरू किया जाना चाहिए था जिस दिन से शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी लगाई गई थी। परीक्षा के मुहाने पर आकर ऐसी कागज़ी खानापूर्ति करना केवल शिक्षकों और छात्रों के साथ भद्दा मज़ाक है।



कागज़ों में सिमट कर रह गईं योजनाएँ: कृष्ण कुमार नंगली 



इस गंभीर संकट पर कड़ा रोष प्रकट करते हुए हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन के महेंद्रगढ़ जिला प्रधान कृष्ण कुमार नंगली ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार और उच्च अधिकारियों की इन्हीं विरोधाभासी व दोगली नीतियों के कारण आज बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान (FLN) तथा नई शिक्षा नीति जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएँ धरातल पर केवल सरकारी फाइलों व कागज़ों में सिमट कर रह गई हैं। एक तरफ शिक्षक से शत-प्रतिशत परिणाम की मांग की जाती है, और दूसरी तरफ उसे सदैव किसी न किसी गैर-शैक्षणिक कार्य में उलझाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। 


हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन जिला महेंद्रगढ़ शिक्षा विभाग के इस रवैये का पुरजोर विरोध करता है और मांग करता है कि परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों को तुरंत केवल शिक्षण कार्य के लिए मुक्त किया जाए।

लेखक:- हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन महेंद्रगढ़: जिला प्रधान कृष्ण कुमार नंगली


।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

परिचय एचपीटीए जिला महेंद्रगढ़

हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन (HPTA) महेंद्रगढ़: जिला प्रधान कृष्ण कुमार नंगली और जरूरी सवाल-जवाब

लेटेस्ट खबर- एचपीटीए करेगी ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान: एचपीटीए जिला प्रधान कृष्ण कुमार नंगली